नशामुक्त युवा, नशामुक्त भारत का दिया संदेश

सीधी ,सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत माई भारत के तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा, नशामुक्त भारत’ कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए नशे के कारण होने वाली गंभीर बीमारियों एवं इसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक मुकेश गौर ने नशे से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। कन्या महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. राजेश साहू ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ पारिवारिक एवं आर्थिक जीवन के महत्व से अवगत कराया।
ब्रह्माकुमारी बहन अर्चना ने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके साथ ही योग एवं ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कराया गया। महिला थाना प्रभारी वर्षा यादव ने नशे के कारण होने वाले अपराधों एवं अन्य समस्याओं की जानकारी देते हुए युवाओं को कानूनी पहलुओं से अवगत कराया तथा नशे से संबंधित परिस्थितियों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बताईं।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश
कार्यक्रम में युवाओं द्वारा यूथ सेमिनार एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं एवं उनके दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। सामाजिक न्याय विभाग के सेवानिवृत्त गायक कलाकार सुरेंद्र शुक्ला ने स्वागत गीत एवं नशामुक्ति पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में माई भारत के अधिकारी-कर्मचारी, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद सिहावल के ब्लॉक समन्वयक अनिल पाठक, संजय गांधी महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आर.एस. भारती, युवा नेता शिवम शुक्ला, वरुणेंद्र पांडे, सौरभ मिश्रा, जन अभियान परिषद सीधी के परामर्शदाता अजीत कुमार वर्मा, विनय तिवारी, अमित गौतम, पूजा पांडे, अश्विनी पटेल, राखी उपाध्याय सहित सीएमसीएलडीपी के एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अजीत कुमार वर्मा ने किया। अंत में जिला युवा अधिकारी गरिमा जैन ने आभार व्यक्त किया।











































