
ए पी शर्मा, सीधी। आराध्या तिवारी ‘पलक’ की द्वितीय पुण्यतिथि पर आराध्या फाउंडेशन द्वारा सीडब्लूएसएन दिव्यांग छात्रावास, मधुरी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दिव्यांग छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक भोज कराया गया तथा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
आराध्या तिवारी एडवोकेट पंकज तिवारी एवं संध्या तिवारी की इकलौती संतान थीं। वे मेजर थैलेसीमिया से पीड़ित थीं और परिवार ने उनके उपचार के लिए करीब 14 वर्षों तक संघर्ष किया। बेल्लूर में उनका प्रत्यारोपण भी कराया गया, लेकिन वर्ष 2024 में उनका निधन हो गया। उनके उपचार के दौरान सीधी सहित विंध्य और देश-विदेश के लोगों ने सहयोग किया था। परिवार द्वारा उनकी स्मृति को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक एवं वार्डन जयभारत सिंह चौहान, सहायक वार्डन विपिन त्रिपाठी, फाउंडेशन अध्यक्ष पंकज तिवारी, संध्या तिवारी, उपाध्यक्ष अमित कुमार गौतम ‘स्वतंत्र’ सहित छात्रावास के कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।











































