क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

ए पी शर्मा, सीधी। पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकरी में उमंग कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को सामाजिक, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लैंगिक भेदभाव, नशे से होने वाले दुष्प्रभाव, हिंसा एवं शोषण से बचाव, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया की लत, स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा एवं करियर, भावनात्मक स्वास्थ्य तथा प्रजनन स्वास्थ्य सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।
उमंग दिवस के अवसर पर विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों की जागरूकता और विषय संबंधी जानकारी का आकलन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उमंग चैंपियन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस दौरान टिकरी चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी ने साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और नशामुक्ति अभियान के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने की समझाइश भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी राकेश रतन पांडेय, हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर धनराज सिंह पटेल, सुभाष मिश्रा, टिकरी सरपंच तिलकराज सिंह, चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी, प्राचार्या बसंती सिंह, पालक शिक्षक संघ अध्यक्ष राजबहादुर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











































