
नई दिल्ली:- दिल्ली के शाहदरा स्थित गांधी नगर इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चार मंजिला इमारत अचानक एक तरफ झुक गई। इमारत के झुकने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भवन को खाली करा दिया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को भी घेर दिया गया, ताकि कोई व्यक्ति क्षतिग्रस्त ढांचे के करीब न पहुंच सके।
अचानक इमारत के झुकने से आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई। पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लोगों को इमारत से दूर रहने की हिदायत दी है।
MCD ने मालिक को ढांचा गिराने के निर्देश दिए
इमारत की स्थिति को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने भवन मालिक को ढांचे को स्वयं गिराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक यदि मालिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई नहीं करता है तो निगम संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई करेगा
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हाल ही में इमारत गिरने की घटना के बाद राजधानी में जर्जर और असुरक्षित भवनों को लेकर सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में गांधी नगर की घटना ने एक बार फिर पुराने और कमजोर भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है
फिलहाल इमारत को खाली करा दिया गया है और आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है











































