
ए पी शर्मा, सीधी। कृषि विज्ञान केंद्र सीधी में भारतीय किसान संघ की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, महाकौशल प्रांत के संगठन मंत्री तुलाराम एवं संभागीय उपाध्यक्ष रघुवीर शरण पटेल के मार्गदर्शन में हुई बैठक में जिले के किसानों की समस्याओं के समाधान, किसान एकता मजबूत करने तथा तहसील से लेकर गांव स्तर तक संगठन की समितियां गठित करने पर चर्चा हुई।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी ने कहा कि किसानों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए संगठन स्तर से भी प्रयास किए जाएंगे। बैठक में खाद, बीज, कृषि सलाह, प्राकृतिक खेती और अन्य कृषि संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह गौतम ने किसानों को अलग-अलग फसलों की खेती के साथ जैविक खाद के उपयोग और प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी परीक्षण अथवा कृषि संबंधी सलाह की आवश्यकता होने पर किसान सीधे कृषि वैज्ञानिकों से संपर्क कर सकते हैं। उप संचालक कृषि आर.एस. गुप्ता ने कहा कि किसानों को उचित सलाह और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक तहसील एवं गांव में विस्तार अधिकारी तैनात हैं। किसान इनकी सेवाओं का लाभ लेकर उत्पादन बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मांग के अनुसार किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए विभाग तत्पर है।
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष राजमणि तिवारी एवं जिला मंत्री विनय सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने उपस्थित किसानों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।











































