
नई दिल्ली। निर्देशक संदीप रेड्डी वंगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर अब संदीप के भाई और सह-निर्माता प्रणय रेड्डी वंगा का एक बयान सुर्खियों में है। उन्होंने फिल्म समीक्षकों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो फिल्म रिलीज होने के बाद अपने नेगेटिव रिव्यू के जरिए ‘स्पिरिट’ को खत्म करके दिखाएं।
प्रणय रेड्डी वंगा ने यह टिप्पणी अपनी हालिया प्रोडक्शन फिल्म ‘रोमांचकम’ को लेकर चर्चा के दौरान की। यह फिल्म 3 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे समीक्षकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।
फिल्म बनाना आसान नहीं- प्रणय
क्रिटिक्स की ओर से फिल्मों की समीक्षा किए जाने पर बात करते हुए प्रणय ने कहा कि जब कोई व्यक्ति प्रोडक्शन का हिस्सा बनता है, तभी उसे फिल्म बनाने के दौरान आने वाली वास्तविक मुश्किलों का अंदाजा होता है। उनके मुताबिक निर्देशक लिखी हुई कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए काफी मेहनत करता है और पूरी प्रोडक्शन प्रक्रिया में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
इसी संदर्भ में उन्होंने ‘स्पिरिट’ को लेकर समीक्षकों पर निशाना साधते हुए कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद वे अपने रिव्यू के जरिए इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। प्रणय ने कहा कि तब देखा जाएगा कि आलोचनाओं का फिल्म पर कितना असर पड़ता है।
प्रभास और संदीप रेड्डी वंगा पहली बार साथ
‘स्पिरिट’ में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आएंगे और यह संदीप रेड्डी वंगा के साथ उनका पहला प्रोजेक्ट है। फिल्म को एक इंटेंस एक्शन ड्रामा के तौर पर बताया जा रहा है। प्रभास इसमें एक दमदार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
फिल्म में तृप्ति डिमरी, विवेक ओबेरॉय और प्रकाश राज भी अहम भूमिकाओं में हैं। इससे पहले प्रभास के अपोजिट दीपिका पादुकोण को कास्ट किए जाने की चर्चा थी, लेकिन बाद में तृप्ति डिमरी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनीं।
दीपिका पादुकोण को लेकर भी हुआ था विवाद
‘स्पिरिट’ की कास्टिंग को लेकर भी पिछले कुछ समय में काफी चर्चा हुई। रिपोर्ट्स में दीपिका पादुकोण के प्रोजेक्ट से अलग होने की अलग-अलग वजहें सामने आई थीं। बाद में प्रणय रेड्डी वंगा ने फीस और शूटिंग टाइमिंग को बदलाव की वजहों में शामिल बताया था।
उन्होंने यह भी दावा किया था कि दीपिका की ओर से फिल्म के मुनाफे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की गई थी। प्रणय के मुताबिक फिल्म के बजट और आर्थिक समीकरण को देखते हुए टीम को यह व्यवस्था उचित नहीं लगी, जिसके बाद दूसरे विकल्प तलाशे गए।
यह विवाद उस समय और चर्चा में आया जब दीपिका ने पत्रकार जानवी मनचंदा की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक किया था। पोस्ट में कथित मुनाफे की हिस्सेदारी को लेकर हुई चर्चा और पुरुष कलाकारों के साथ होने वाले ऐसे समझौतों की तुलना की गई थी।
रिलीज से पहले ही बढ़ा ‘स्पिरिट’ का बज़
फिल्म के निर्देशक संदीप रेड्डी वंगा भी पहले संकेत दे चुके हैं कि ‘स्पिरिट’ में हिंसक और इंटेंस कंटेंट देखने को मिल सकता है। इसी वजह से फिल्म को एडल्ट रेटिंग मिलने की संभावना की भी चर्चा हुई है।
अब फिल्म की कहानी, स्टार कास्ट और इससे जुड़े विवादों के बीच दर्शकों की नजर इसकी रिलीज पर है। ‘स्पिरिट’ 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।











































