कमर्जी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया

सीधी। एपी शर्मा , कमर्जी थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुरवा में दुकान पर सामान लेने गए युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर विवाद करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवक के पिता के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को ग्राम शिवपुरवा निवासी नन्दलाल पटेल (55) ने कमर्जी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र अंकित पटेल गांव की दुकान पर सामान लेने गया था। सामान का भुगतान मोबाइल के माध्यम से करने के बाद दुकान पर मौजूद गुलाब पटेल ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद की जानकारी मिलने पर नन्दलाल पटेल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान गुलाब पटेल ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटक दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। मौके से जाते समय आरोपी ने जान से खत्म करने की धमकी भी दी। फरियादी की रिपोर्ट पर कमर्जी पुलिस ने अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(3) एवं 119(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 सितंबर को आरोपी गुलाब पटेल (23), पिता रामनिधि पटेल, निवासी ग्राम शिवपुरवा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की विवेचना जारी है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कमर्जी सुधाकर परिहार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक अभय वर्मा, प्रधान आरक्षक धर्मराज सिंह एवं आरक्षक शिवम पांडेय, आरक्षक नीरज सिंह की भूमिका रही।











































