सिंगरौली

‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के संकल्प के साथ चितरंगी में प्रबुद्धजन विचार संगोष्ठी आयोजित

चितरंगी में अराजकता हटाओ लोकतंत्र बचाओ विचार संगोष्ठी

सिंगरौली:- विधानसभा क्षेत्र चितरंगी-79 के तत्वावधान में सामुदायिक भवन चितरंगी में ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ विषय पर प्रबुद्धजन विचार संगोष्ठी एवं वरिष्ठजन संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने अध्यक्षता की, जबकि सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व विधायक अमर सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रबुद्धजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। संगोष्ठी में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और संवैधानिक व्यवस्थाओं की गरिमा बनाए रखने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

कांग्रेस पर राज्यमंत्री राधा सिंह ने साधा निशाना

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री राधा सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों की उपलब्धियां नहीं गिना पाने के कारण वह गलत जानकारियों और भ्रामक प्रचार के जरिए समाज में भ्रम तथा अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दंगे और अराजकता के जरिए लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहेंगे।

लोकतंत्र के लिए संवाद और सहभागिता जरूरी : सुंदरलाल शाह

भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद, विश्वास और सहभागिता से मजबूत होता है। प्रबुद्धजन और वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभवों से समाज एवं राष्ट्रीय जीवन को दिशा देते हैं। उन्होंने सभी से अराजकता का विरोध करते हुए लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्थाओं की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला था : सांसद

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि उस दौर में भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के कारण गरीबों तक विकास योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने कहा कि पहले विकास के लिए भेजे गए 1 रुपये में से महज 15 पैसे जरूरतमंदों तक पहुंचने की बात कही जाती थी। सांसद ने दावा किया कि वर्तमान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है और गांव-गांव विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने पारदर्शी व्यवस्था, सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को सरकार की प्राथमिकता बताया।

वरिष्ठजनों से मिलकर लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के समापन के बाद अतिथियों ने वरिष्ठ समाजसेवी एवं 90 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक आर्य प्रसाद गुप्ता के निवास पर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज तिवारी से उनके निवास पर आत्मीय मुलाकात की गई। इस दौरान राष्ट्रीय विषयों और संगोष्ठी के उद्देश्यों पर चर्चा हुई।कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र द्विवेदी, लालपति साकेत, जिलामंत्री हर्ष कुमार सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रवेंद्र धर द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष अजय द्विवेदी, गंगा सागर बैस, विनोद बैस, आशीष धर द्विवेदी, रामलल्लू सिंह, अमित सिंह चौहान सहित भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's your reaction?

Related Posts

Epaper