सीधी

जन विश्वास अभियान के तहत रामपुर नैकिन पहुंचे आईजी-डीआईजी

आमजन से किया सीधा संवाद, शिकायतें सुनीं; साइबर अपराधों से बचाव की दिलाई शपथ

जन विश्वास अभियान के तहत रामपुर नैकिन में आमजन से संवाद करते आईजी और डीआईजीसीधी: ए पी शर्मा: मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं रीवा क्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान रामपुर नैकिन पहुंचे। सामुदायिक भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और पुलिस से संबंधित शिकायतें सुनीं। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी भी मौजूद रहे।

जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने पुलिस से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि जनसंवाद पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।

साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। आईजी एवं डीआईजी ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा स्वयं के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। नागरिकों से फर्जी फोन कॉल, लिंक, ओटीपी और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली और पात्र लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया

थाने का किया आकस्मिक निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद आईजी गौरव राजपूत एवं डीआईजी हेमंत चौहान ने थाना रामपुर नैकिन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस अभिलेख, अपराध एवं गुम इंसान संबंधी रिकॉर्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया

वरिष्ठ अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामीली के निर्देश दिए डीआईजी हेमंत चौहान ने विवेचनाओं की नियमित समीक्षा, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, बीट व्यवस्था को मजबूत करने तथा रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति, कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। आईजी एवं डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, टीम भावना, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.

What's your reaction?

Related Posts

Epaper